सुकमा-रायपुर। सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चिंतागुफा क्षेत्र में पुलिस ने 2 ईनामी नक्सलियों सहित कुल 3 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में से एक पर 2 लाख रुपये और दूसरे पर 1 लाख रुपये का इनाम था। ये नक्सली 2024 में दुलेड़ के पास हुई पीकअप वाहन लूट और आगजनी की घटना में शामिल थे।
चिंतागुफा पुलिस बल और डीआरजी की संयुक्त टीम ने इन नक्सलियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दक्षिण बस्तर डिवीजन में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत, 16 जनवरी 2025 को थाना चिंतागुफा से जिला बल और डीआरजी की संयुक्त पार्टी दुलेड़, मेटागुड़ा, एर्रनपल्ली और आसपास के जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।
इस दौरान, दुलेड़ के जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को देखा गया, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया, जो बाद में नक्सली निकले। पूछताछ के दौरान इन नक्सलियों ने स्वीकार किया कि वे दुलेड़ में हुई पीकअप वाहन लूटपाट और आगजनी समेत जिले में हुई अन्य नक्सली घटनाओं में शामिल थे। इस मामले में थाना चिंतागुफा में पहले ही अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत मामला दर्ज किया जा चुका था।