पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। तीन दिन से लापता महिला एवं उसकी तीन साल की बेटी का शव कुएं में तैरता हुआ शुक्रवार को मिला था। महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारने का आरोप लगाते हुए शवों को कुएं से बाहर नहीं निकालने दिया था। शनिवार को पुलिस की समझाइश के बाद शव कुएं से बाहर निकाले गए। शवों को भारी पुलिसबल की मौजूदगी में कुएं से बाहर निकाला गया और पीएम के लिए इंदौर भेजा गया।
देवास जिले के देवझिरी निवासी ममता अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ मंगलवार से लापता थी। शुक्रवार को शव घर के पास ही कुएं में तैरते हुए दिखाई दिए थे। मृतका के मायके वालों के साथ बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर पहुंचे थे। इस बीच ममता के ससुराल वाले घर से भाग गए। शाम को पुलिस ने उसके पति जीवन व अन्य को हिरासत में लिया था। स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। परिजन सुबह 10 बजे देवझिरी पहुंचे। पुलिस से मांग करते रहे कि जब तक आरोपितों को यहां लेकर नहीं आएंगे, तब तक शवों को नहीं निकालने देंगे। पुलिस की समझाइश के बाद शव निकाले गए।
ममता के सीने से उसकी बेटी पलक का शव कपड़े से बंधा था। ममता के शरीर पर पत्थर भी बंधा हुआ था। यह देखकर परिजन भड़क उठे। कहने लगे कि हमारी बहन व भांजी को मारकर कुएं में फेंका गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक भूरिया की समझाइश के बाद सुबह 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदौर एमवाय अस्पताल भेजा गया। इधर मृतका के मायके के लोग ससुराल वालों का मकान तोड़ने की मांग करने लगे। पुलिस ने समझाया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना नहीं कर सकते। लोगों का कहना था कि अंतिम संस्कार घर में ही कर उसकी समाधि बनाएंगे।काफी समझाइश के बाद परिजनों ने उदयनगर पुलिस थाना पहुंचकर चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
ममता के भाई बबलू ने बताया कि मेरी बहन के साथ मारपीट की जाती थी। उसके दोनों पैर भी तोड़ दिए थे। मेरी बहन को साजिश के तहत मारा गया है। पुलिस ने कैलाश, पति जीवन सोलंकी, भाई सुरेश सोलंकी, उसकी मां कालीबाई सोलंकी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इधर शवों का पीएम कर उदयनगर थाना लाया गया। सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा। आरोपित सुरेश फर्नीचर बनाने का काम करता था। पुलिस ने उसके निवास से 30 नग सागवान की सिल्ली एवं फर्नीचर बनाने की मशीन जब्त की। बताया जाता है कि सुरेश जंगल से सागवान की लकड़ी अवैध रूप से काटकर लाता था और फर्नीचर बनाने का काम करता था। उदयनगर रैंजर बिसनसिंह ने दल के साथ सागवान जब्त की एवं उदयनगर वन विभाग कार्यालय में पहुंचाई।
बाइट वि डी वीरा टी आई उदय नगर
HIGHLIGHTS