तीन बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक को मारी गोली,रांझी पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी

By: PalPal India News
September 13, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर में देर रात 20 वर्षीय एक युवक को गोली मार दी गई। घटना रांझी थाना के झंडा चौक के पास की बताई जा रही है, जहां पर की मनीष नाम का युवक जब अपने घर के बाहर टहल रहा था, इसी दौरान तीन लड़कों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर में लगी है। घटना के बाद तुरंत ही परिजन इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल लेकर गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद रांझी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों का घायल युवक से पुराना विवाद चला आ रहा है, और इसी के चलते उस पर फायरिंग की गई थी।

जानकारी के मुताबिक झंडा चौक निवासी विक्की मल्लाह, करण और आशू का कुछ समय पहले मनीष से विवाद हुआ था, उस दौरान मनीष ने विक्की को मारा भी था। इसी की दुश्मनी निकालते हुए गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात विक्की का दोस्त करण मनीष के घर पहुंचा और बोलने लगा कि कुछ काम है घर से बाहर आओ। इसके बाद जैसे ही मनीष करण के साथ अपने घर के पीछे गया, तभी वहां पर बैठे विक्की ने कट्टे से उस पर फायरिंग कर दी। गोली मनीष के पैर में लगी। जैसे-तैसे मनीष भागकर अपने घर पहुंचा और पूरी घटना बताई। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों ही आरोपी मौके से फरार हो गए हैं।

घायल की मां का कहना है कि कुछ दिनों पहले मनीष का करण से विवाद हुआ था, जिसके चलते मनीष को जबलपुर से बाहर रिश्तेदारी में भेज दिया था। गुरुवार की रात को मनीष जब अपनी मां से मिलने के लिए घर आया था तो यह जानकारी हमलावरों को लग गई थी। मनीष की मां ने बताया कि कारण उसका दोस्त रहा है, इसलिए उसका घर पर भी हमेशा आना-जाना रहा है। देर रात को करण ही घर पर आया था और कह रहा था कि कुछ काम है जरा घर से बाहर निकालो और इसी का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। घायल हालत में मनीष को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है वहीं घटना की जानकारी मिलते ही रांझी थाना पुलिस का स्टाफ बयान लेने के लिए मनीष के पास पहुंचा।

HIGHLIGHTS

  • पुरानी रंजिश पर युवक को गोली मारी
  • तीन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
  • रांझी पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *