पलपल इंडिया प्रतिनिधि,दमोह। दमोह जिले के हटा के पास बिला गांव में शिकारियों ने एक काले हिरण को गोली मार दी। आरोपी हिरण को बाइक पर लेकर भाग रहे थे। तभी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली और पुलिस ने आरोपियों को खदेड़ दिया। पुलिस ने हिरण के शव के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा भागने में कामयाब हो गया है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। हटा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने हिरण का पोस्टमार्टम किया है और उसकी मौत के असली कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी गुड्डू अपने एक साथी के साथ बिला गांव के पास एक मृत हिरन को बाइक से ले जा रहे थे। पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपी के पास में मृत हिरण बरामद हुआ। दूसरा आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मृत हिरण के शव को वन विभाग की सहायता से हटा के पशु अस्पताल भिजवाया जहां पशु चिकित्सक बृजेंद्र असाटी ने हिरण का पोस्टमॉर्टम किया है। डॉक्टर ने बताया कि हिरण करीब सवा दो साल का है। उसकी मौत के सही कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं वन विभाग ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
HIGHLIGHTS