दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनी आतिशी, LG विनय सक्सेना ने दिलाई शपथ।

By: PalPal India News
September 21, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने शनिवार को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यह शपथ लेने के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। इससे पहले भाजपा से सुषमा स्वराज और कांग्रेस की ओर से शीला दीक्षित दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में सत्ता संभाल चुकी हैं। आतिशी के साथ आज 5 कैबिनेट मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह में आप के कन्वेनर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया मौजदू हैं। उनको एलजी विनय सक्सेना ने शपथ दिलाई।

उनका मंत्रिमंडल भी शपथ ग्रहण करेगा। दिल्ली सरकार के नए मंत्रिमंडल में गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और सुल्तानपुर माजरा से पहली बार विधायक बने मुकेश अहलावत शामिल होंगे।अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आतिशी को शपथ ग्रहण की तिथि से दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है और अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है। ‘आप’ के एक नेता के अनुसार समारोह के सादे ढंग से आयोजित होने की संभावना है।

सीएम पद की शपथ लेने से पहले आतिशी पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल से मिलने उनके घर पहुंची हैं। गौरतलब है कि केजरीवाल के इस्तीफा देने के बाद आप विधायक दल ने आतिशी को सीएम पद के लिए चुना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *