पलपल इंडिया प्रतिनधि। अभी तक दिल्ली ही देश की सबसे ख़राब वायु गुणवत्ता की लिस्ट में था पर अब भारत के सबसे सुंदर शहरों में गीना जाने वाला चंडीगढ़ देश में सबसे खराब वायु गुणवत्ता की लिस्ट में आ गया है। मौसम में पहली बार क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया। शहर की हवा लगातार खराब हो रही है। गुरुवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 427 दर्ज किया गया। यह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में भी वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ और ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, चंडीगढ़ के सेक्टर-22 स्थित वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन पर एक्यूआई 460, सेक्टर-25 में 365 और सेक्टर -53 में 455 दर्ज किया गया। आंकड़ों के अनुसार, चंडीगढ़ की वायु गुणवत्ता दिल्ली से भी खराब थी, जहां दोपहर 12 बजे एक्यूआई 424 दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से सभी स्कूलों को बंद करने पर विचार करने का आग्रह किया। पिछले कुछ दिनों से केंद्र शासित प्रदेश की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है, जिससे यह देश के सबसे खराब वायु गुणवत्ता वाले कुछ शहरों में से एक बन गया है।
अक्टूबर और नवंबर में धान की फसल की कटाई के बाद पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने को अक्सर दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ने के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है।