नई दिल्ली. रोमानिया की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप ने 33 साल की उम्र में पेशेवर टेनिस से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने यह फैसला अपने घरेलू टूर्नामेंट ट्रांसिल्वेनिया ओपन के पहले दौर में हार के बाद किया। हालेप को लूसिया ब्रॉन्ज़ेटी के खिलाफ 6-1, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने टेनिस को अलविदा कहने का निर्णय लिया।
दर्शकों को संबोधित करते हुए हालेप ने कहा, “मुझे नहीं पता कि मैं इस फैसले से खुश हूं या दुखी। शायद दोनों भावनाओं को एक साथ महसूस कर रही हूं, लेकिन इस निर्णय से मुझे शांति मिली है। मैंने हमेशा यथार्थवादी रहने की कोशिश की है।” उन्होंने आगे कहा, “मेरा शरीर अब पहले जैसा नहीं रहा, लेकिन मैंने चाहा कि मैं अपने प्रशंसकों के सामने खेलकर टेनिस को अलविदा कहूं।”
हालेप ने 2017 में पहली बार दुनिया की नंबर 1 महिला टेनिस खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया था। हालांकि, वर्तमान में वह 870वीं रैंकिंग पर हैं। अपने करियर में चोटों और डोपिंग निलंबन जैसी मुश्किलों का सामना करने के बावजूद वह लंबे समय तक महिला टेनिस के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल रहीं। उन्होंने 2018 में फ्रेंच ओपन और 2019 में विंबलडन का खिताब अपने नाम किया। विंबलडन फाइनल में उन्होंने दिग्गज टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को हराया था, जबकि फ्रेंच ओपन के फाइनल में स्लोएन स्टीफंस को मात दी थी। इसके अलावा, वह 2018 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल और 2015 में यूएस ओपन के सेमीफाइनल तक भी पहुंच चुकी हैं।
संख्याओं में हालेप का करियर
कुल टाइटल: 24
एकल मैच रिकॉर्ड: 580 जीत, 241 हार
युगल मैच रिकॉर्ड: 67 जीत, 71 हार
युगल टाइटल: 1
युगल में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग: 71
सिमोना हालेप ने अपने करियर में असाधारण प्रदर्शन किया और दुनिया की शीर्ष महिला खिलाड़ियों में शुमार रहीं। उनका संघर्ष, मेहनत और खेल के प्रति जुनून टेनिस प्रेमियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। अब देखना होगा कि संन्यास के बाद हालेप टेनिस जगत से किस तरह जुड़ी रहती हैं।