दो भाईयों को गोबर के दलदल में जिंदा गाड़ने का प्रयास,रामनगर के मोहरवा गांव में घटना से हड़कंप

By: PalPal India News
September 10, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,मैहर। मैहर जिले के रामनगर थाना अंतर्गत मोहरवा गांव में जमीन के विवाद में दो सगे भाइयों को दलदल में गाड़ने का मामला सामने आया है। घटना 9 सितंबर की है। जिसका वीडियो मंगलवार को सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पक्ष-दूसरे पक्ष के दो भाइयों को जिंदा गोबर के दलदल में गाड़ने का प्रयास कर रहा है। इस दौरान महिलाएं भी मारपीट करती हुई दिखाई दे रही हैं। विवाद जमीन पर कब्जा करने से रोकने पर हुआ है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। बताया जाता है कि मोहरवा निवासी रामजी पटेल और रामनरेश पटेल एक ही परिवार के सदस्य और आपस मे चचेरे भाई हैं।

उनके बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। सोमवार की शाम जमीन को लेकर दोनों पक्षो के बीच फिर कहासुनी हुई और बात कुछ ज्यादा आगे बढ़ी तो रामजी पटेल और भगवानदीन पटेल सहित परिवार के सदस्यों ने राम नरेश पटेल और राम नारायण पटेल के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीटते-पीटते वे रामनरेश और रामनारायण को गोबर के दलदल के पास ले गए और उन्हें उसमे धकेल कर उसमे गाड़ने की कोशिश की। इस दौरान रामजी पटेल वगैरह के परिवार की महिलाओं और अन्य लोगों ने उन्हें घेर भी रखा था ताकि कोई बचाव के लिए न आ सके। रामनरेश और रामनारायण के परिजन चीखते-चिल्लाते रहे लेकिन उन्हें आगे आने नहीं दिया गया। हालांकि बाद में गांव के कुछ अन्य लोग पहुंचे और उन्होंने दखल दिया तथा रामनगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाना ले आई।

बताया जाता है कि रामजी-भगवानदीन का परिवार बड़ा है। उनकी सदस्य संख्या भी ज्यादा है। ऐसे में उन्होंने अपने घर का विस्तार करने के लिए जिस जमीन पर काम शुरू किया। उस जमीन पर रामनरेश और उनके परिजन अपना कब्जा होने का दावा करते हैं। इस बीच में सरपंच कालिका पटेल ने रोड प्रस्तावित की बात की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और जिसके बाद मामला यहां तक आ पहुंची कि दो भाइयों को गोबर के दलदल में जिंदा गाड़ देने की कोशिश तक कर डाली गई।

HIGHLIGHTS

  • दो भाईयों को गोबर के दलदल में जिंदा गाड़ने का प्रयास
  • रामनगर के मोहरवा गांव में घटना से हड़कंप
  • वीडियो वायरल,पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *