पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। पति के दिन रात के झगड़ों से तंग आकर एक महिला ने गुरुवार को भेड़ाघाट के धुआंधार में छलांग लगा दी। लेकिन वहां मौजूद हवलदार हरिओम वैश भी महिला के पीछे पानी में कूदा और महिला को बचाने में कामयाब हो गया। बाद में महिला को परिवार के सुपुर्द किया गया। आपको बता दे हवलदार हरिओम वैश की तत्परता से एक परिवार उजरने से बच गया।
महिला पाटन गांव में रहती है, वह घर के रोज के झगड़ो से परेशान हो भेड़ाघाट के धुआंधार में जान देने गई थी। हवलदार ने बताया की वह बस से धुआंधार पहुंची थी वह 28 साल की है। वह अकेली थी। धुआंधार के पास पत्थरों पर जाकर बैठ गई। जैसे ही इस बात की जानकारी हवलदार हरिओम को लगी। वह तत्काल वहां पहुंचे। महिला से बातचीत की, तो वह रोने लगी। मरने की बात करने लगी। हरिओम ने बताया की उसने महिला को समझाया भी था। वह उसे लेकर थाने की ओर बढ़ा, लेकिन एकाएक महिला पीछे की ओर दौड़ी और सीधे धुआंधार से छलांग लगा दी। नर्मदा के तेज बहाव में महिला बहने लगी। यह देख हवलदार हरिओम ने भी पानी में छलांग लगा दी। तैरते हुए वह पानी में बह रही महिला के पास पहुंचा। महिला ने स्वयं को छुड़वाने का प्रयास किया, लेकिन हरिओम ने उसे नहीं छोड़ा। तब तक दो से तीन और गोताखोर पानी में पहुंच गए। सभी ने मिलकर महिला को किनारे लाया और फिर उसे बाहर निकाला।