नौकरी की तलाश छोड़कर हीरे की खोज में आजमाई किस्मत, युवक को मिला 4.1 कैरेट का नायाब हीरा

By: PalPal India News
December 31, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,पन्ना। पन्ना जिले की हीरा खदानों में साल 2024 के आखिरी दिनों में हीरे मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। आज 30 दिसंबर को फिर एक युवक को 4.01 कैरेट का नायाब हीरा मिला है। युवक ने अपने पिता एवं मित्रों के साथ पहुंचकर इस हीरे को हीरा कार्यालय पन्ना में जमा कर दिया है जो आगामी नीलामी में रखा जाएगा। हीरा धारक अजय सिंह यादव ने बताया कि वह ग्रेजुएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी का प्रयास कर रहा था लेकिन सफल नहीं होने पर उसने हीरा खदान में किस्मत आजमाने का विचार किया और इसी विचार को अंजाम तक पहुंचाने के लिए ग्राम सरकोहा के लच्छी पाल की निजी भूमि में हीरा खदान के लिए हीरा कार्यालय पन्ना से पट्टा जारी करवा कर फरवरी 2024 में हीरा खदान शुरू की जहां 10 महीने की मेहनत के बाद 30 दिसंबर को सोमवती अमावस्या के दिन 4.1 बैरेट का नायाब हीरा मिला है जो हीरा कार्यालय पन्ना में जमा कर दिया गया है।

हीरा कार्यालय के लिपिक सुनील जाटव और खनिज निरीक्षक नूतन जैन की उपस्थिति में हीरे की परख की गई जो 4.1 कैरेट उज्जवल किस्म का बताया गया है। इस हीरे की कीमत 10 लाख से अधिक आंकी जा रही है। अजय ने कहा है कि हीरा नीलामी से मिलने वाली रकम से वह कोई व्यवसाय शुरू करेगा। युवक को हीरा मिलने से पूरे परिवार में खुशी का माहौल बताया जा रहा है।

HIGHLIGHTS

  • युवक को मिला 4.1 कैरेट का नायाब हीरा
  • हीरा कार्यालय में किया जमा
  • नौकरी की तलाश छोड़कर हीरे की खोज में आजमाई किस्मत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *