पलपल इंडिया प्रतिनिधि। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए कठुआ में जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आतंकियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई पाकिस्तान के समर्थन से भारत में आतंकवाद के बीज बोने की कोशिश करता है या भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देता है तो उसके पास न तो ढकने के लिए कफन होगा और न ही दफनाने के लिए दो गज जमीन।
इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा की अगर पाकिस्तान आतंकवाद का समर्थन रखता है, तो पड़ोसी मुल्क तीन टुकड़ों में बंट जायेगा। यहां जम्मू-कश्मीर के कठुआ में पड़ोसी मुल्क को चेतावनी देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) पहले से ही भारत में विलय के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “यहां तक कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी भी जानते हैं कि आतंकवाद को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान को क्या कीमत चुकानी पड़ेगी। इससे पाकिस्तान तीन हिस्सों में बंट सकता है और उसका कोई नामोनिशान नहीं बचेगा।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर यानि POK भारत में विलय के लिए तैयार बैठा है। POK पाकिस्तान से न सिर्फ आजादी चाहते हैं बल्कि वह विकास, राशन, शांति और आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड चाहते हैं, लेकिन वे जानते है की यह सब केवल भारत में ही संभव है।” दूसरी ओर बलूचिस्तान भी अब कह रहा है कि वे पाकिस्तान के साथ नहीं रहना चाहते क्योंकि उनके साथ विदेशियों जैसा व्यवहार किया जाता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के लोगों से भाजपा को वोट देने के लिए कहा और पार्टी को क्षेत्र में सुशासन, शांति, स्थिरता और विकास के लिए एकमात्र विकल्प बताया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति को रेखांकित करते हुए कहा, पाकिस्तान की स्थिति ऐसी है कि वह भीख का कटोरा लेकर घूम रहा है। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेता जम्मू-कश्मीर के ‘शासकों’ की तरह व्यवहार करते थे और सरकारी खर्च पर विदेश यात्राएं करते थे लेकिन अब ऐसा नहीं है।