बालाघाट समाचार – पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पलपल इंडिया प्रतिनिधि,बालाघाट। कटंगी के पवन नामदेव हत्याकांड की कहानी दिलचस्प है। पवन नामदेव की हत्या उसकी पत्नी और पत्नी के प्रेमी और उसके भाई ने योजनाबद्ध तरीके से की है। पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया है।
इस हत्या से पहले ऑनलाईन लूडो गेम से 39 साल की विवाहिता सरिता को बिहार राज्य के बरैयाटोला निवासी 26 साल के इम्तयाज से प्यार हो गया था। प्यार इतना परवान चढ़ा की सरिता ने इम्तयाज को अपने पास कटंगी बुलाया और घर से दूर अलग कमरा दिलाकर उसके रूकने की व्यवस्था की।इस दोनों के बीच प्यार इतना प्रगाढ़ हो गया कि दोनों ने साथ रहने की ठान ली, लेकिन दिक्कत यह थी कि सरिता का पति पवन इसमें रोड़ा बन रहा था। फिर सरिता ने पति पवन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जिसमें प्रेमी युवक को योजना में शामिल किया।
इम्तयाज ने प्रेमिका सरिता के पति को रास्ते से हटाने अपने छोटे भाई असलम को कटंगी बुलाया। हत्या से पूर्व सरिता ने अपने बच्चे को बहन के यहां भिजवा दिया और 1 जून की रात के अंधेरे में प्रेमी इम्तयाज और उसके भाई को घर के अंदर लाकर पति पवन नामदेव की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद सरिता घर पर रही, जबकि उसका प्रेमी युवक इम्तयाज और उसका भाई असलम फरार हो गया।
2 जून को पवन नामदेव की संदेहास्पद मौत का मामला सामने आने के बाद कटंगी पुलिस ने विवेचना की तो पुलिस का सबसे पहले संदेह, मृतक पवन नामदेव की पत्नी सरिता पर गया। जिससे संदेही के आधार पर पुलिस ने पूछताछ की तो सरिता ने पति पवन नामदेव की हत्या का पूरा राज खोल दिया। जिसके बाद पुलिस के सामने पवन नामदेव हत्याकांड में फरार आरोपी भाईयों की तलाश बाकी थी।
जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी। जिनकी विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और कटंगी एसडीओपी माणिकमणी कुमावत के मार्गदर्शन में कटंगी पुलिस ने आरोपी सगे भाईयों को भी दबोच लिया।