पलपल इंडिया प्रतिनिधि। पीएम नरेन्द्र मोदी आज देश के पहले वंदे मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी अहमदाबाद और गांधीनगर को जोड़ने वाली मेट्रो रेल सेवा के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे और मेट्रो ट्रेन की सवारी भी करेंगे। रेलवे की ओर से प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार, वंदे मेट्रो को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इसके साथ ही रेलवे ने वंदे मेट्रो का नाम बदला दिया है। अब इसे ‘नमो भारत रैपिड रेल’ के नाम से जाना जाएगा।
पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने बताया की, अहमदाबाद-भुज नमो भारत रैपिड रेल नौ स्टेशनों पर रुकेगी और 110 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से पांच घंटे 45 मिनट में 360 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह भुज से सुबह 5:05 बजे प्रस्थान कर अहमदाबाद सुबह 10:50 बजे जंक्शन पहुंचेगी। रेलवे ने ये भी बताया की यात्रियों के लिए इसकी नियमित सेवा 17 सितंबर से अहमदाबाद से शुरू होगी। वहीँ पूरी यात्रा के लिए प्रति यात्री किराया 455 रुपये होगा।
मंत्रालय ने कहा कि वंदे मेट्रो 110 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से चलती है। इसमें कहा गया है कि इसका सबसे बड़ा लाभ यह है कि इससे यात्रा जल्द पूरी होगी। रेल मंत्रालय ने ये भी कहा है की वंदे मेट्रो ट्रेन में 12 डिब्बे होंगे, जिसमें 1,150 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी।