प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया, महिला अत्याचार,बंगाल हिंसा पर जताई चिंता

By: PalPal India News
August 15, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया. देश को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए कई मुद्दों पर बात की. इसमें देश की चिंताओं से लेकर रिफॉर्म तक के मुद्दे शामिल रहे. पीएम मोदी ने कहा कि जब हम 40 करोड़ थे, तब हमने महासत्ता को हरा दिया था. आज तो हम 140 करोड़ हैं. देश को समृद्धि को ओर ले जाना है.

महिलायों पर अत्याचार पर बोले पीएम 

पीएम मोदी ने कहा कि देश में जब महिलाओं के साथ अत्याचार की कोई घटना होती है तो पूरी दुनिया में इसका जिक्र होता है. लेकिन जब ऐसे अपराधियों को सजा होती है तो उसकी चर्चा नहीं होती. मैं कहना चाहता हूं कि आरोपियों की सजा को भी प्रमुखता से दिखाया जाना चाहिए. पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं से हो रहे अपराध में जल्द से जल्द सजा होनी चाहिए और जांच में तेजी लाई जानी चाहिए.

पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं आज लाल किले से एक बार फिर अपना दर्द व्यक्त करना चाहता हूं. एक समाज के तौर पर हमें महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के बारे में गंभीरता से सोचना होगा. देश में इसके खिलाफ आक्रोश है. मैं इस आक्रोश को महसूस कर सकता हूं. महिलाओं के खिलाफ अपराधों की शीघ्र जांच हो, इन राक्षसी कृत्यों को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिले – यह समाज में विश्वास पैदा करने के लिए महत्वपूर्ण है. समय की मांग है कि सजा पाने वालों पर व्यापक चर्चा की जाए ताकि यह पाप करने वाले समझें कि इससे फांसी होती है. मुझे लगता है कि यह डर पैदा करना बहुत ज़रूरी है.

बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर जताई चिंता

पीएम मोदी ने कहा कि “एक पड़ोसी देश के तौर पर मैं बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ है, उससे जुड़ी चिंता को समझ सकता हूं। मुझे उम्मीद है कि वहां जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो जाएगी। 140 करोड़ देशवासियों की चिंता वहां के हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। भारत हमेशा चाहता है कि हमारे पड़ोसी देश समृद्धि और शांति के मार्ग पर चलें। हम शांति के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

भ्रष्टाचार के खिलाफ बोले पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी. पीएम मोदी का कहना था कि मैं भ्रष्टाचारियों से निपटकर रहूंगा. क्या कोई कल्पना कर सकता है कि मेरे देश में कुछ ऐसे लोग निकल रहे हैं, जो भ्रष्टाचार का महिमामंडन कर रहे हैं. समाज में इस प्रकार के बीज बोने का प्रयासहो रहा है, वो स्वस्थ समाज के लिए चुनौती है. भ्रष्टाचारियों से दूरी बनाना सही होता है, उसका महिमामंडन नहीं होना चाहिए. पीएम मोदी का कहना था कि मैं देशवासियों कहना चाहता हूं कि हम नेकनीयत से राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण से, हम विपरीत मार्ग पर जाने वाले लोगों के दिल जीतेंगे. राष्ट्र के सपनों को साकार करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. हम बदनियत वालों को नेक नियत से जीतेंगे. हमारा हर देशवासी भ्रष्टाचार की दीमक से परेशान रहा है.

देश में होना चाहिए सेकुलर कोड 

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड की चर्चा चल रही है. सुप्रीम कोर्ट ने भी यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर चर्चा की है. अनेक बार आदेश दिए हैं. क्योंकि देश का एक बहुत बड़ा वर्ग मानता है कि जिस सिविल कोड को लेकर हम जी रहे हैं, वो सिविल कोड सचमुच में एक कम्युनल और भेदभाव करने वाला सिविल कोड है. अब हमें सेकुलर सिविल कोड की तरफ जाना होगा. पीएम मोदी का कहना था कि हमारे संविधान की भावना कहती है कि इस विषय पर देश में गंभीर चर्चा हो, जो कानून धर्म के आधार पर देश को बांटते हैं. ऐसे कानूनी आधुनिक समाज नहीं बनाते. देश के संविधान निर्माताओं का भी ये सपना था. जो कानून धर्म के आधार पर देश को बांटते हैं, जो ऊंच-नीच का कारण बनते हैं, वैसे कानूनों के लिए देश में कोई जगह नहीं हो सकती. देश में 75 सालों से कम्युनल सिविल कोड है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *