प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका को जिंदा जलाया,3 बच्चों की मां ने दूसरी शादी से किया था इनकार

By: PalPal India News
July 30, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर में एक शख्स ने बीच बाजार एक महिला को पेट्रोल डालकर आग लगा दी। फिर खुद को भी आग लगा ली। महिला 42% तक झुलस गई है। आरोपी भी 25% तक झुलसा है। दोनों को रांझी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला से एकतरफा प्यार करता था। महिला द्वारा शादी का प्रपोजल ठुकराए जाने से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। महिला शादीशुदा है और तीन बच्चों की मां है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना रांझी के मस्ताना चौक के पास मंगलवार दोपहर 12 बजे की है।

40 साल की महिला की फूल-माला की दुकान है। 15 साल पहले उसकी घमापुर में शादी हुई थी। 4 साल से पति से अलग रह रही है। 12 साल की बड़ी बेटी पिता के साथ जबकि 9 साल की बेटी और 7 साल का बेटा उसके साथ रहते हैं। पति से अलग होने के बाद शुरुआत में महिला किराए के मकान में रही, फिलहाल मां-पिता के साथ रह रही है। आरोपी ऑटो ड्राइवर नरेंद्र पंजाबी अविवाहित है। महिला की दुकान के पास उसका आना-जाना होता था। दोनों में बातचीत होने लगी। वह दुकान पर आकर बैठने लगा। मंगलवार को भी वह दुकान पर पहुंचा और महिला के सामने शादी करने की बात रखी। मना करने पर नाराज हो गया। वह पेट्रोल से भरी बोतल साथ लाया था। आसपास के लोगों ने आग बुझाई, इसके बाद दोनों को रांझी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

HIGHLIGHTS

  • प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका को जिंदा जलाया।
  • 3 बच्चों की मां ने दूसरी शादी से किया था इनकार।
  • खुद भी झुलसा,रांझी के मस्ताना चौक में घटना से सनसनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *