पलपल इंडिया प्रतिनिधि,राजस्थान। राजस्थान में एक युवक की प्रेम प्रसंग के संदेह में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शनिवार को पुलिस ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
दरअसल राजस्थान के डीग जिले में प्रेम प्रसंग के संदेह में एक व्यक्ति ने अपनी साली और उसके कथित प्रेमी पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि कथित प्रेमी की मौत हो गई है। उसने बताया कि युवती को पांच गोलियां लगी हैं और सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा है। जुरहरा थानाधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि घटना शुक्रवार रात बामनवाड़ी गांव में हुई जब पूरन सिंह ने अपनी साली परमजीत कौर और उसके कथित प्रेमी मंजीत (22) पर गोलियां चला दीं। चौधरी ने बताया कि मंजीत की मौके पर ही मौत हो गई और सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच जारी है।
बता दें कि इससे पूर्व राजस्थान के कोटा में रहने वाले एक छात्र ने आत्महत्या कर ली थी। बता दें कि साल 2025 कोटा में यह 7वां सुसाइड का मामला सामने आया है। कोटा पुलिस ने इस घटना को लेकर कहा कि मंगलवार की सुबह 18 वर्षीय NEET अभ्यर्थी ने अपने पीजी रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले का रहने वाला अंकुश मीणा डेढ़ साल से कोटा में नीट यूजी परीक्षा की तैयारी कर रहा था और प्रताप नगर में एक पीजी रूप में रह रहा था। अंकुश ने अपने पीछे कोई संदेश नहीं छोड़ा। हालांकि, पुलिस के संदेह है कि उसने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की।