प्रयागराज। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में आस्था और श्रद्धा का अभूतपूर्व नज़ारा देखने को मिल रहा है। लाखों श्रद्धालु और साधु-संत यहां अमृत स्नान के लिए पहुंचे हैं। सुबह से ही नागा साधुओं और अखाड़ों के संतों ने पारंपरिक पूजन-अर्चन के साथ संगम की ओर कूच किया और श्रद्धा से स्नान किया। भक्तजन भी पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ पवित्र डुबकी लगा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक करीब 1.65 करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं, और दिन के अंत तक यह संख्या 5 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। बसंत पंचमी के इस शुभ अवसर पर सभी 13 अखाड़े पारंपरिक अनुक्रम में संगम स्नान कर रहे हैं। अखाड़ों के संतों के रथ, घोड़े, हाथी और चांदी के हौदे विशेष रूप से सुसज्जित किए गए हैं। महामंडलेश्वर और महंतों की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जा रही है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी ने बताया कि सभी अखाड़े अपनी परंपरा के अनुसार स्नान कर रहे हैं और कोई अव्यवस्था नहीं है। वहीं, निरंजनी अखाड़े के पीठाधीश्वर कैलाशानंद ने प्रशासन की बेहतरीन व्यवस्थाओं की सराहना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। स्नान घाटों तक पहुंचने के लिए वन वे ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था के तहत एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अग्निशमन दल को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर श्रद्धालुओं को बसंत पंचमी की बधाई दी। उन्होंने कहा—
“महाकुंभ-2025, प्रयागराज में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती की दिव्य धाराओं में पवित्र अमृत स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई! भगवान तीर्थराज सभी के मनोरथ पूर्ण करें और विश्व का कल्याण करें।”