पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 7 हाथियों की मौत के मामले मे मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल का कहना है कि मीडिया के माध्यम से ही उन्हें घटना की जानकारी लगी है। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डॉक्टर मौत की वजह जानने में जुटे हुए है। अल्प प्रवास पर जबलपुर पहुंचे डिप्टी सीएम ने राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि हाथियों की मौत के बाद ना सिर्फ बांधवगढ़ बल्कि प्रदेश के सभी अधिकारी यह जानने में लगे हुए हैं कि मौत कैसे हुई है। भोपाल से पीसीसीएफ और जबलपुर से डॉक्टरों की टीम भी टाइगर रिजर्व में मौजूद है।
डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने माना कि प्रदेश में डॉक्टरों की कमी है, जनता को सरकारी अस्पतालों में जो बेहतर इलाज मिलना चाहिए, वो नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही 3 हजार डॉक्टरों की भर्तियां करेगी। इस प्रस्ताव को कैबिनेट ने भी मंजूरी दे दी है। इन डॉक्टरों की भर्ती दो से तीन माह के भीतर हो जाएगी। डिप्टी सीएम ने माना कि स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों की कमी के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, संजीवनी, क्लीनिक में इलाज नहीं मिल पा रहा है लेकिन डॉक्टर्स की भर्ती के बाद हालात सुधरेंगे
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आगामी दिनों में प्रदेश की दो विधानसभा सीटों में उपचुनाव होना है, और दोनों ही सीट पर भारतीय जनता पार्टी भारी मतों से जीत रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता भी जानने लगी है कि यदि विकास की यात्रा को मध्यप्रदेश में जारी रखना है तो भाजपा को ही अपना आशीर्वाद और समर्थन देने की जरूरत है। चाहे बुधनी हो या फिर विजयपुर दोनों ही सीट प्रचंड मतों से जीत रहे है।
HIGHLIGHTS