बोरी फैक्ट्री में छापा,सरकारी ब्रांड की बन रहीं थीं नकली बोरियां

By: PalPal India News
August 10, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,सतना। सतना शहर के औद्योगिक क्षेत्र में प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को छापामारी कर नकली बोरियां बनाने की एक फैक्ट्री पकड़ी है। इस फैक्ट्री में सरकारी ब्रांड की खाद की बोरियां बनाई जा रही थीं। जानकारी के मुताबिक, एसडीएम रघुराजनगर ग्रामीण राहुल सिलाड़िया और डीडीए मनोज कश्यप ने पुलिस बल के साथ शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में दबिश देकर नकली बोरियों के बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। साईं सिमरन पॉलीमर्स के नाम से चल रही इस फैक्ट्री का संचालन गंगाराम होतवानी पप्पू और मनीष होतवानी मन्शी कर रहे थे। जांच करने पहुंची टीम को यहां सरकारी खाद के ब्रांड IPL DAP की बोरियां बनती मिलीं।

बड़ी मात्रा में यहां रॉ मैटीरियल भी रखा पाया गया। करीब 1 हजार तैयार बोरियां भी रखी पाई गईं। इस बारे में जब एसडीएम और डीडीए ने वहां मौजूद कर्मचारियों और संचालकों से सवाल जवाब किये और यह जानना चाहा कि आखिर वे किस अधिकार से सरकारी ब्रांड की खाद की नकली बोरियां छाप रहे हैं, तो वे इसका कोई जवाब नहीं दे पाए। टीम ने यहां तमाम दस्तावेज भी जांचे और यह पता लगाने का प्रयास किया कि आखिर इस फैक्ट्री में ये बोरियां क्यों और किस के लिए बनाई जा रही थीं। घंटो चली कार्यवाही के दौरान प्रशासन ने फैक्ट्री से बोरियां जब्त कर ली हैं।

एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने बताया कि फैक्ट्री में छापामारी कर जांच शुरू कर दी गई है। इसका पूरा नेटवर्क खंगाला जाएगा और वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। उप संचालक कृषि (DDA) मनोज कश्यप ने बताया कि हमें खाद की नकली बोरियां सतना शहर में प्रिंट किये जाने की खबर मिली थी। इस जानकारी से कलेक्टर अनुराग वर्मा को अवगत कराया गया था। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम और पुलिस बल के साथ कृषि विभाग की टीम भी छापामारी करने पहुंची थी। उन्होंने बताया कि आशंका है कि इन नकली बोरियों में नकली खाद भर कर बाजार में बेची जा रही होगी। इसकी भी पड़ताल की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कौन-कौन शामिल है।

HIGHLIGHTS

  • औद्योगिक क्षेत्र में बोरी फैक्ट्री में छापा।
  • सरकारी ब्रांड की बन रहीं थीं नकली बोरियां।
  • पड़ताल में जुटी प्रशासनिक टीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *