नई दिल्ली. ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर नेमार सऊदी अरब के क्लब अल हिलाल से अलग होने के बाद अपने पुराने क्लब सांतोस एफसी से जुड़ने के लिए तैयार हैं। लगभग 12 साल बाद नेमार एक बार फिर इस क्लब की जर्सी में नजर आएंगे। इस खबर की पुष्टि सांतोस क्लब के अध्यक्ष मार्सेलो तेइजेरिया ने अपने सोशल मीडिया चैनल्स पर की।
अल हिलाल के साथ अनुबंध समाप्त- हाल ही में अल हिलाल क्लब ने जानकारी दी थी कि नेमार और क्लब के बीच आपसी सहमति से अनुबंध समाप्त करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, अनुबंध समाप्ति के विवरण को सार्वजनिक नहीं किया गया। 32 वर्षीय नेमार, जो कभी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों में गिने जाते थे, ने अल हिलाल के लिए सिर्फ सात मैच खेले, जिसमें उन्होंने एक गोल दागा और दो गोल असिस्ट किए। अक्टूबर 2023 में लगी एसीएल (घुटने की) गंभीर चोट के कारण वह लंबे समय तक मैदान से बाहर रहे। इसके बावजूद, अल हिलाल ने उन्हें सऊदी प्रो लीग जीतने वाली टीम में शामिल किया था।
फीफा क्लब विश्व कप से पहले अलगाव- नेमार के क्लब से अलग होने का फैसला फीफा क्लब विश्व कप (15 जून – 13 जुलाई, अमेरिका में) से पहले लिया गया। इस टूर्नामेंट में अल हिलाल हिस्सा लेने वाली थी और माना जा रहा था कि इसके बाद क्लब और नेमार के बीच करार खत्म हो जाएगा।
सांतोस में वापसी का ऐलान- नेमार की पुरानी टीम सांतोस एफसी में वापसी को लेकर क्लब अध्यक्ष मार्सेलो तेइजेरिया ने कहा: “नेमार के लिए यह घर वापसी का समय है। यह समय है कि वह अपने लोगों के पास लौटें। वह क्लब जो हमारे दिल के करीब है, उसमें फिर से खेलें। व्हाइट और ब्लैक शर्ट में वापसी का इंतजार अब खत्म हो रहा है। सांतोस उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित है।” नेमार इससे पहले सांतोस एफसी के लिए खेलते हुए छह खिताब जीत चुके हैं, जिसमें 2011 की कोपा लिबर्टाडोरेस ट्रॉफी भी शामिल है।
नेमार अगस्त 2023 में पेरिस सेंट जर्मेन (PSG) से सऊदी क्लब अल हिलाल में शामिल हुए थे। यह डील 9 करोड़ यूरो (9.40 करोड़ डॉलर) की थी। सऊदी क्लबों ने फुटबॉल की दुनिया में कई बड़े खिलाड़ियों को आकर्षित किया था और नेमार भी उनमें से एक थे। हालांकि, ब्राजील के लिए खेलते समय लगी गंभीर चोट के कारण उनका यह सफर ज्यादा लंबा नहीं चला।