भाई ने की बहन की बेरहमी से हत्या, नाबालिग हत्या कर फरार

By: PalPal India News
November 11, 2024

पलपल इण्डिया प्रतिनधि। जबलपुर के कटंगी में एक नाबालिग लड़के ने अपनी सगी छोटी बहन की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वो जंगल की तरफ भाग गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण घायल लड़की को फौरन कटंगी स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे। यहां हालत नाजुक होने के चलते उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया। सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान नाबालिग बच्ची ने दम तोड़ दिया।

घटना रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। नाबालिग लड़का बहन के पड़ोस के लड़के से उसके बातचीत करने पर नाराज था। वारदात की जानकारी मिलते ही कटंगी थाने की एक टीम जबलपुर तो दूसरी घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक परिवार में दो भाई, दो बहन
हैं। बड़ी बहन की शादी हो गई है। आरोपी से छोटा एक और भाई है। पिता गांव के कोटवार हैं।

पुलिस के मुताबिक, 14 वर्षीय लड़की पड़ोस में ही रहने वाले 17 वर्षीय लड़के से सड़क किनारे बात कर रही थी। इस दौरान लड़की का भाई दूर खड़ा होकर दोनों को देख रहा था। कुछ देर बाद बहन उस लड़के के साथ बाइक में बैठ गई। इतना देखते ही 15 वर्षीय भाई दौड़कर उनके पास आया और अपनी छोटी बहन को धक्का दे दिया। इस दौरान बाइक सवार लड़का वहां से भाग निकला इधर, आरोपी ने लोहे का त्रिशूल निकालकर छोटी बहन की पीठ और कमर में एक के बाद एक चार वार किए। बहन दर्द से चीख रही थी, पर गुस्से से लाल भाई उस पर ताबड़तोड़ वार कर रहा था। खून से लथपथ बहन को सड़क किनारे छोड़कर छोटा भाई भाग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ लोगों ने पकड़ने की कोशिश की पर उसने उन लोगों पर भी हमला करने की कोशिश की और भाग निकला।

स्थानीय लोग घटना की सूचना परिवार को देने के बाद घायल नाबालिग लड़की को गंभीर हालत में कटंगी स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान लड़की ने सुबह करीब 11 बजे दम तोड़ दिया। घटना के बाद से माता-पिता सदमे में हैं। पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला है कि बीते कुछ दिनों से वह अपनी बहन के साथ मारपीट भी कर रहा था। कटंगी पुलिस ने नाबालिग पर हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

HIGHLIGHTS

  • छोटी बहन चीख रही थी,नाबालिग भाई त्रिशूल मार रहा था
  • जबलपुर में पड़ोसी लड़के से बात करते हुए देखकर मर्डर किया
  • तड़पता छोड़कर भागा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *