नई दिल्ली। भारतीय पुरुष टीम ने 2025 के पहले खो खो विश्व कप का खिताब जीत लिया। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को 54-36 से हराकर यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने भी नेपाल को हराकर 78-40 के स्कोर के साथ अपना खिताब पक्का किया था।
पुरुष टीम की इस जीत में कप्तान प्रतीक वाईकर और टूर्नामेंट के स्टार खिलाड़ी रामजी कश्यप ने शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मैच की शुरुआत में रामजी कश्यप ने नेपाल के सूरज पुजारा को बेहतरीन स्काईडाइव के जरिए चौंका दिया। सुयश गरगेट ने भारत को महज चार मिनट में 10 अंक दिलाते हुए टीम को बढ़त दिलाई। पहले टर्न के अंत तक भारत ने 26-0 की मजबूत बढ़त बना ली।
मैच का रोमांचक सफर- दूसरे टर्न में नेपाल ने कोशिशें कीं लेकिन भारत के स्तर तक नहीं पहुंच पाए। कप्तान प्रतीक वाईकर और आदित्य गणपुले की जोड़ी ने टीम को मजबूती दी। नेपाल के खिलाड़ियों ने कुछ शानदार टच हासिल किए, लेकिन भारत ने अपनी 26-18 की बढ़त बनाए रखी। तीसरे टर्न में भारतीय टीम पूरी तरह हावी रही। कप्तान प्रतीक वाईकर और रामजी कश्यप की जोड़ी ने स्काईडाइव और कुशल खेल से टीम के स्कोर को 54-18 तक पहुंचा दिया। चौथे टर्न में नेपाल ने वापसी की कोशिश की लेकिन भारतीय डिफेंडर्स के मजबूत प्रदर्शन के सामने वह टिक नहीं सके।
आखिरी स्कोर 54-36 के साथ भारतीय पुरुष टीम ने विश्व कप अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने दबदबा बनाए रखा। ग्रुप चरण में भारत ने ब्राजील, पेरू और भूटान को हराया। क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश और सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर जीत हासिल की।