पलपल इंडिया प्रतिनिधि, जबलपुर। : कैमरे से हो रही निगरानी चप्पे-चप्पे पर पुलिस। मतगणना के दिन मंगलवार को बंद रहेंगी शराब दुकानें। मोबाइल से लेकर धूम्रपान तक पर भी रोक लगा दी गई है। शराब की बिक्री, वितरण और परिवहन पर रहेगी पूरी तरह से रोक। सुबह 10 बजे जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय स्थित मतगणना केन्द्र में होगी मॉकड्रिल। मतगणना ड्यूटी में लगे तमाम अधिकारी और कर्मचारी रहेंगे मौजूद। वहीं रविवार से ही कृषि विवि परिसर में आने-जाने वालों की जांच शुरू कर दी गई है।
· कलेक्टर ने घोषित किया शुष्क दिवस
· मोबाइल से लेकर धूम्रपान तक पर रोक।
· 11 लाख 65 हजार मतों की होगी गिनती।
· सुबह 10 बजे जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय स्थित मतगणना केन्द्र में होगी मॉकड्रिल
पलपल इंडिया प्रतिनिधि, जबलपुर। लोकसभा चुनाव में सभी चरण के मतदान हो गए हैं और अब मंगलवार को मतों की गिनती होना है। इसकी तैयारी में जबलपुर प्रशासन और पुलिस जुट गई है। सुबह आठ बजों से मतों की गिनती होगी। जबलपुर में लगभग 11 लाख 65 हजार मतों की गिनती होगी।
रविवार से ही कृषि विवि परिसर में आने-जाने वालों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन की तैयारी है कि वह दोपहर 12 से एक बजे की बीच गिनती पूरी कर दें, हालांकि दोपहर दो बजे तक ही अधिकृत परिणाम आने की संभावना है। इधर मतगणना स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली है। पुलिस को चप्पे-चप्पे पर तैनात किया गया है,
मतगणना के स्थल पर मोबाईल एवं धूम्रपान का उपयोग वर्जित रहेगा। मतगणना स्थल पर मोबाईल का उपयोग करने वाले एवं धूम्रपान करने वालों को बाहर कर दिया जाएगा। निर्वाचन आयोग के मुताबिक उम्मीदवारों के मतगणना एजेंटों एवं शासकीय गणना कार्य के लिए नियुक्त शासकीय सेवक गणना स्थल पर मोबाइल, केलकुलेटर, किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, खाने-पीने की सामग्री आदि लेकर नहीं जा सकेंगे। शराब की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है ।
मतगणना अभिकर्ताओं को केवल एक पेन एवं दो कागज ही ले जाने की अनुमति दी गई है । निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्थल पर मतगणना कार्य में उपस्थित सभी अधिकारी- कर्मचारी, अभ्यर्थी, अभ्यर्थी के निर्वाचन अभिकर्ता एवं गणना अभिकर्ताओं को मतगणना स्थल पर मोबाईल, धूम्रपान संबंधी वस्तुएं जैसे जर्दा, पान, सुपारी, पाउच, बीड़ी, सिगरेट आदि साथ ले जाना व इसका उपयोग करना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
चुनाव आयोग के प्रेक्षक तथा जिला निर्वाचन अधिकारी मतगणना के लिए सुबह 5 बजे एक स्थान पर तीसरे और अंतिम चरण के रेण्डमाईजेशन के लिए एकत्रित होंगे। इसी समय जिला निर्वाचन अधिकारी मतगणना के लिए जिले के प्रशिक्षित अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची प्रेक्षकों को सौंपेंगे।