भोपाल। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस साल तेजी दिखाई है और महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे जैसे शहरों में यह सामान्य तारीख से 15 दिन पहले पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगर यही रफ्तार बनी रही तो मध्यप्रदेश में मानसून 4 से 7 जून के बीच दस्तक दे सकता है। सामान्यत: प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन बीते कुछ वर्षों में इसकी आमद 18 से 22 जून के बीच रही है। पिछले साल यानी 2024 में मानसून 21 जून को मध्यप्रदेश पहुंचा था। इस बार स्थिति अलग है। जून की शुरुआत में ही मानसून के प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना जताई जा रही है। ‘नौतपा’ के दौरान भी इस बार भीषण गर्मी की जगह तेज़ हवाओं और बारिश ने दस्तक दी है। सोमवार को इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, रतलाम और आगर-मालवा सहित कई जिलों में बारिश हुई। वहीं रात में प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में मौसम बदला रहा।
मंगलवार को भी मौसम विभाग ने इंदौर-उज्जैन सहित 30 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। आंधियों की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, मैहर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं। अन्य जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है। मंगलवार शाम को नई दिल्ली में मौसम विभाग मानसून को लेकर आधिकारिक पूर्वानुमान जारी करेगा। इस दौरान एमओएस सचिव डॉ. एम. रविचंद्रन और आईएमडी के डीजीएम डॉ. एम. महापात्रा मानसून की स्थिति पर जानकारी देंगे।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार भी प्रदेश के दक्षिणी जिलों — मंडला, सिवनी, डिंडौरी, बालाघाट, अनूपपुर, बुरहानपुर, पांढुर्णा, बैतूल और बड़वानी से मानसून की एंट्री होने की संभावना है। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मानसून की आमद सबसे देरी से, 25 जून तक हो सकती है, जबकि भोपाल और इंदौर में 20 से 22 जून के बीच मानसून पहुंच सकता है।
2009 के बाद पहली बार इतनी जल्दी मानसून- मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि इस बार मानसून ने 8 दिन पहले ही भारत में दस्तक दी है। इससे पहले 2009 में मानसून 23 मई को पहुंचा था। अभी तक मानसून की प्रगति संतोषजनक है और मध्यप्रदेश में भी यह समय से पहले पहुंचने की संभावना प्रबल है। राज्य में इस बार करीब 38 से 39 इंच बारिश होने का अनुमान है।