पलपल इंडिया प्रतिनिधि,कौशांबी। यूपी के कौशांबी में आज बड़ा सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-2 पर महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की दो कार आपस में टकरा गई। इस दुर्घटना में 6 श्रद्धालु घायल हो गए। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार सुबह दो कारें दुर्घटना का शिकार हो गईं। जिले के सैनी थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-2 पर सोमवार की सुबह प्रयागराज महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की दो कार आपस में टकरा गई, जिससे तीन महिलाओं सहित छह श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जानकारी अनुसार राष्ट्रीय मार्ग स्थित गुरुकुल के पास कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही एक टवेरा कार ओवरटेक करने के प्रयास में, आगे जा रही स्विफ्ट डिजायर कार से टकरा गई। इस हादसे में टवेरा सवार एक ही परिवार की चंपा हजारिका, मीनाक्षी हजारिका, अपर्णा हजारिका और अरुण हजारिका (कानपुर के निवासी) तथा नवीन यादव और निशांत, (हरियाणा के गुरुग्राम निवासी) घायल हो गए। दोनों कारें भी क्षतिग्रस्त हो गई। सभी लोग प्रयागराज महाकुंभ जा रहे थे। चंपा हजारिका की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।