पलपल इंडिया प्रतिनिधि,इंदौर। इंदौर जिले के नजदीक मानपुर के भेरूघाट पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ। जहाँ एक टैंपो ट्रैवलर की एक टैंकर और एक बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत के साथ 11 लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
दरअसल महू तहसील के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार मध्यरात्रि को भीषण सड़क हादसा हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना भेरुघाट में मंदिर के बाद उतरते समय देर रात करीब 2.30 बजे दुर्घटना हुई। इस हादसे में यात्रियों से भरी हुई टैंपों ट्रैवलर एक टैंकर में जा घुसी। हादसे में ट्रैवलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई इसके साथ ही इस घटना में बाइक भी चपेट में आ गई जिस पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 4 लोगों की मौत हुई है, और 11 लोग घायल हैं, जिसमें महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल भेजा। जानकारी के मुताबिक़ ट्रैवलर में बैठे सभी यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे और वे सभी महाकाल दर्शन कर महाराष्ट्र की ओर जा रहे थे।