मानसून की दस्तक, नौतपा ख़त्म मौसम ने बदली रंगत

By: PalPal India News
June 3, 2024

Jabalpur Mausam : मानसून की दस्तक, नौतपा ख़त्म मौसम ने बदली रंगत

Jabalpur Mausam : पलपल इंडिया प्रतिनिधि, जबलपुर।   नौतपा के अंतिम दिन रविवार से मौसम की रंगत बदल गई। मानसून की दस्तक के बीच बादलों की अठखेलियां जारी है। जिससे लोगों को सूरज की तपा देने वाली धूप से काफी हद तक राहत मिली। हालांकि बीच-बीच में धूप भी लोगों का पसीना छुड़ाती रही। बादलों के साये के बीच वातावरण में गर्माहट महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पांच मौसमी प्रणालियां सक्रिय है। इसके प्रभाव से जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं।

पिछले आठ दिनों से सूरज के तीखे प्रहार से झुलस रहे लोगों को कुछ राहत मिली है । 44 डिग्री तक पहुंच चुका तापमान रविवार को चार डिग्री की गिरावट के साथ 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 30.2 पर स्थिर रहा।

24 घंटे के दौरान तापमान 40 डिग्री के ऊपर ही  रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दक्षिण-पश्चिमी मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अधिकांश हिस्से को कवर कर लिया है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित अन्य स्थानों पर चक्रवाती परिसंचरण मजबूती के साथ सक्रिय है। हवा का रूख भी दक्षिण-पश्चिमी हो गया है। हवा के साथ आ रही नमी से तापमान में कमी आई है। हालांकि अगले 24 घंटे के दौरान तापमान 40 डिग्री के ऊपर ही बना रहेगा। बादलों के बीच गर्मी परेशान कर सकती है।

गर्मी से परेशान लोगों को मानसून का है इंतजार

भीषण गर्मी से परेशान नागरिक मानसून के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम के बदलते मिजाज को देखकर ये संभावना जताई जा रही है, कि मानसून से पहले चक्रवाती हवा जबलपुर सहित आस-पास के क्षेत्रों में बौछारें कर सकती है वहीं 15 जून तक मानसून के झमाझम के आसार भी नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *