पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मंदसौर शामगढ़ हनुमंतिया में एक बहु ने अपने ही घर में चोरी कर ली है। पुलिस ने रविवार को में महिला को पकड़ा जिसने अपने ही ससुराल में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बताया जा रहा है की महिला ने 15 लाख रुपये के जेवर और नगदी चोरी के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने चोरी करने का कारण पिता पर कर्ज अधिक होना बताया। चोरी करने के बाद आरोपी छोटी बहू ने घर में ही जेवर और नगदी छिपा दिए थे जिनको पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी छोटी बहू को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया की उसके पिता पर 30 लाख रुपये का कर्ज है। वह यह पैसे अपने पिता को देती, जिससे उनका आधा कर्ज उतर जाता। पुलिस ने जेवर और नगदी को बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत हनुमंतिया में राम मंदिर के समीप 5 जनवरी को दोपहर 2.30 बजे किसान बालमुकुंद पाटीदार के सूने मकान में चोरी की घटना हुई थी। अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर घर में रखी आलमारियों से करीब 15 लाख के सोने चांदी के जेवर एवं नगदी चोरी कर लिए गए थे। इसकी शिकायत बालमुकुंद पाटीदार ने थाने जाकर की थी जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की।
उन्होंने बताया कि सभी घर वालों से पूछताछ दो से तीन बार की गई। बालमुकुंद पाटीदार की छोटी बहू के बयान हर बार अलग-अलग आ रहे थे। हर समय वह घबरा रही थी जिसके चलते उस पर शक गहरा होता गया। फिर विस्तृत पूछताछ छोटी बहू से की गई तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी छोटी बहू ने चोरी कर नीचे के कमरे में जहां अन्य सामान रखे हुए थे, वहां पर जेवर और नगदी भी छिपा दी थी जिसे बरामद कर लिया गया।