मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल लाल परेड मैदान में किया ध्वजारोहण युवाओं के रोजगार की घोषणा

By: PalPal India News
August 15, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में स्‍वतंत्रता दिवस के समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके साथ सुसज्जित रथ पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। इस समारोह में वीरता पदकों का वितरण भी किया गया। राजगढ़ के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा को वीरता पदक दिया गया। मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को राज्‍य की विकास यात्रा और सरकार की प्राथमिकता की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा की राज्‍य सरकार प्रधानमंत्री के अनुसार चार मिशन पर कार्य कर रही है। हमारा लक्ष्‍य गरीबों का विकास और युवाओं को रोजगार है। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने इंदौर की हुकुमचंद मिल के श्रमिको को दी गई राशि और इंदौर उज्‍जैन मेट्रो का भी उल्‍लेख अपने संबोधन में किया। ये भी बताया अगले पांच वर्ष में मप्र का बजट दो गुना किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। पिछला एक दशक भारत के गौरव को बढ़ाने वाला दशक रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तेजी से वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में मध्यप्रदेश की 4 प्रतिशत सहभागिता को अगले पांच वर्ष में 5 प्रतिशत तक ले जाने के लिए मध्यप्रदेश संकल्पित होकर कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनोन्मुखी प्रशासन, गरीबों के कल्याण की योजनाएं अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की समृद्धि, खुशहाली और विकास की कामना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *