पलपल इंडिया , प्रतिनिधि, जबलपुर। संभाग के सबसे बड़े नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार की शाम परिसर में खड़ी एंबुलेंस में अचानक आग लग गई । आग इतनी तेजी से फैली की थोड़ी ही देर में पूरी एंबुलेंस को अपने चपेट में ले लिया। एंबुलेंस में तीन भरे हुए ऑक्सीजन सिलेंडर रखे हुए थे। ये गनीमत रही कि सिलेंडर फट पाते उसके पहले ही नगर निगम के दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया और बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के दौरान अस्पताल में मरीजों के परिजन भी बड़ी संख्या में थे।
बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम करीब 6:45 बजे मेडीकल कॉलेज अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस में लगी आग भड़कती देख पहले तो अस्पताल प्रबंधन ने अपने अग्नि शमन ( यन्त्र) से आग पर काबू पाना चाहा पर आग बेकाबू हो गई। आग लगने की वजह एंबुलेंस में शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आनन-फानन में नगर निगम के दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर दमकल वाहन लेकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया और बड़ा हादसा टल गया। बताया जाता है कि तीनों ऑक्सीजन सिलेंडरों यदि विस्फोट होता तो नजारा भयावह हो जाता।
आग की चपेट में आ गए थे सिलेंडर
नगर निगम के दमकल शाखा के मुताबिक आग एंबुलेंस को चपेट में ले चुकी थी, तुरंत ही पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझने पर देखा कि एंबुलेंस में रखे तीन बड़े आक्सीजन सिलेंडर सुर्ख लाल हो चुके थे यदि थोड़ी देर और हो जाती तो सिलेंडर फट पड़ते। सभी सिलेंडर को सुरक्षित खुले मैदान में रखवा दिया गया। आग बुझने पर मेडिकल प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली।