राजगीर में पहली बार होगा महिला कबड्डी विश्व कप, 15 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा

By: PalPal India News
February 7, 2025

 

नई दिल्ली. राजगीर को खेल जगत में एक और बड़ी सौगात मिली है। हाल ही में हॉकी टूर्नामेंट की सफल मेजबानी के बाद, अब यह ऐतिहासिक शहर पहली बार महिला कबड्डी विश्व कप की मेजबानी करने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 7 मार्च से 12 मार्च तक राजगीर स्थित खेल परिसर में आयोजित की जाएगी, जिसमें भारत समेत 15 देशों की महिला कबड्डी टीमें हिस्सा लेंगी। करीब 13 साल बाद बिहार को कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय मेजबानी का अवसर मिला है। इससे पहले 2012 में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कबड्डी टूर्नामेंट आयोजित किया गया था। वहीं, राजगीर के लिए यह पहली बार होगा जब वह इतने बड़े खेल आयोजन की मेजबानी करेगा। खेल विभाग द्वारा मुकाबलों के समय की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन प्रतियोगिता की तारीखें तय कर दी गई हैं।

किन देशों के बीच होंगे मुकाबले- इस विश्व कप में 15 देशों की टीमें भाग लेंगी, जिनमें शामिल हैं:
भारत
पोलैंड
युगांडा
केन्या
ईरान
चाइनीज ताइपे
नेपाल
जापान
कोरिया
थाईलैंड
इंडोनेशिया
रोमानिया
बांग्लादेश

हालांकि, पाकिस्तान की टीम की भागीदारी को लेकर संशय बना हुआ है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित नए हॉस्टल भवन में ठहराया जाएगा, जहां उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि खिलाड़ियों को यात्रा में अधिक समय न गंवाना पड़े और वे आराम से मैच खेल सकें। मैच के दौरान 5000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे दर्शक इस रोमांचक खेल का आनंद ले सकें। इसके अलावा, मनोरंजन के विशेष इंतजाम भी किए जाएंगे ताकि इस आयोजन को एक उत्सव के रूप में मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *