राजधानी दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट’ हुआ जारी, 100 से अधिक उड़ानों के साथ 26 रेलगाड़िया प्रभावित

By: PalPal India News
January 15, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ठण्ड बढ़ने के कारण बुधवार को बहुत देर तक कोहरे छाया रहा जिसके कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। इस बीच मौसम विभाग ने भी दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर दिया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार की सुबह भयंकर कोहरा देखा गया जिसका असर 2 बजे दोपहर तक रहा। इतने कोहरे के कारण क्षेत्र की विजिबिलिटी काफी कम हो गई जिस कारण परिवहन के साधनों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। दिल्ली में लो विजिबिलिटी के कारण 100 से अधिक उड़ानें और 26 रेलगाड़ियां प्रभावित हुई हैं। वहीं, दिल्ली का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस वजह से अब मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने लोगों के लिए कई सलाह भी जारी की है।

IMD ने लोगों से की ये अपील

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बहुत ज्यादा कोहरा है। जिसके बाद IMD ने इस बीच ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दरअसल ऑरेंज अलर्ट तब जारी किया जाता है जब मौसम खराब होने के कारण रेल और सड़क सेवाएं बाधित हो सकती हैं। IMD ने लोगों से अपील की है कि वे कोहरे के समय वाहन चलाते या यात्रा करते समय सावधानी बरतें। इसके साथ ही लोगों को बेहतर विजिबिलिटी के लिए फॉग लाइट का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। भारतीय मौसम विभाग ने एयरलाइन, रेलवे और अन्य परिवहन सेवाओं के बारे में भी सलाह दी है। IMD ने लोगों को किसी भी असुविधाओं से बचने के लिए एयरलाइन, रेलवे अधिकारियों और राज्य परिवहन सेवाओं के साथ समन्वय बनाकर इनसे संबंधित टाइम टेबल के बारे में अपडेट लेते रहने को कहा है।

मौसम विभाग ने बताया कैसे रहेगा आज का मौसम?

दिल्ली में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की और कुछ हिस्सों में  हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का भी अनुमान है। बुधवार को राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, दिल्ली में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *