रामायण पाठ कर रहे ग्रामीणों पर आरोपी ने कि ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश

By: PalPal India News
June 25, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि, जबलपुर।  जबलपुर के कटरा बेलखेड़ा गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति ने मंदिर में रामायण पाठ कर रहे लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, जिसके बाद मौके से भागकर कई ग्रामीणों ने अपनी जान बचाई। गनीमत ये रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। आरोपी ने ट्रेक्टर से चार बाइक तोड़कर चकनाचूर कर दी, तो वहीं एक दुकान भी तोड़ दी। घटना की जानकारी तुरंत ही स्थानीय लोगों ने पाटन थाना पुलिस को दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का नाम नरेन्द्र सिंह लोधी है जिससे कि कमल सिंह का बीते एक साल से जमीनी विवाद चल रहा था।

घटना के समय कमल सिंह अपने भाई और अन्य ग्रामीणों के साथ मंदिर में रामायण पाठ कर रहा था, उसी दौरान अचानक आरोपी ट्रेक्टर लेकर आ धमका और हंगामा किया। आरोपी ने कमल सिंह के बड़े भाई हिम्मत सिंह पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर उसका हाथ तोड़ दिया है। कटरा गांव में हंगामा करने वाले नरेन्द्र सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि पाटन थाने में हिम्मत सिंह लोधी की शिकायत पर नरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

HIGHLIGHTS

  • रामायण पाठ कर रहे ग्रामीणों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश।
  • आरोपी ने मचाया हंगामा कई गाड़ियां और दुकान तोड़ी।
  • पुलिस ने आरोपी नरेंद्र सिंह को लिया हिरासत में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *