पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमेरिका में राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयानों को लेकर प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने कहा राहुल का यह कोई पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने विदेश जाकर भारत के लोकतंत्र का अपमान किया हो।
राहुल गांधी की अमेरिका में दिए गए उनके बयानों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का अपने ही देश के खिलाफ विदेशी धरती पर बोलना राष्ट्र विरोधी शक्तियों के एजेंडा को बढ़ावा देता है। भारत को धर्म और जातियों के आधार पर बांटने वाली कांग्रेस का आरक्षण विरोधी एजेंडे का समर्थन करना भारत के संविधान का अपमान है।
सोशल मीडिया ‘X’ पर मोहन यादव ने लिखा, “राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी की देश और आरक्षण विरोधी मानसिकता एक बार पुनः उजागर हो गई। यह कोई पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने विदेश जाकर भारत के लोकतंत्र का अपमान किया हो। आरक्षण पर राजनीति करने वाली कांग्रेस की कुंठित मानसिकता अब सबके सामने है। एक ओर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित हो रहा है, वहीं राहुल गांधी द्वारा अपने ही देश के खिलाफ विदेशी धरती पर बोलना राष्ट्र विरोधी शक्तियों के एजेंडा को बढ़ावा देता है। भारत को धर्म और जातियों के आधार पर बांटने वाली कांग्रेस का आरक्षण विरोधी एजेंडे का समर्थन करना भारत के संविधान का अपमान है। राहुल गांधी भारत की संवैधानिक व्यवस्थाओं का सम्मान करना कभी नहीं सीख सकते, उनकी इस सोच को देश कभी माफ नहीं करेगा।”