पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। बेहतर सुविधा का दावा करने वाला रेलवे ट्रेनों के रवाना होने के नए समय की जानकारी भी नहीं दे पा रहा है मध्य प्रदेश के जबलपुर से रवाना होने वाली तीन ट्रेनों का रेलवे ने समय तो बदल दिया लेकिन यात्रियों को बताना भूल गया। जिसका खामियाजा हजारों यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। 11 अगस्त से नए समय में जिन ट्रेनों को छूटना था, उसका समय यात्रियों को नहीं बताया गया और 11 अगस्त के पूर्व आरक्षण कराने वाले यात्रियों की टिकट पर पुराना समय ही दर्ज रहा। यात्रियों के मोबाइल पर मैसेज और इंटरनेट मीडिया के जरिए नए समय की जानकारी नहीं दी। रेलवे नियम के मुताबिक इन ट्रेनों के यात्रियों के मोबाइल नंबर पर मैसेज और इंटरनेट मीडिया के जरिए ट्रेनों के नए समय की जानकारी देनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
रेलवे ने जबलपुर से रवाना होने वाली तीन ट्रेनों का समय बदला और निर्धारित समय के पूर्व रवाना करने का निर्णय लिया। 11 अगस्त से बदले गए समय को लागू भी कर दिया, लेकिन 11 अगस्त के पूर्व आरक्षण कराने वाले यात्रियों की टिकट पर पुराना समय ही दर्ज रहा।
यात्रियों को पता न होने के कारण आरक्षित टिकट पर दिए गए ट्रेन के समय को देखकर यात्री स्टेशन पहुचें, लेकिन उनके आने से पहले ही ट्रेन रवाना हो रही है। ऐसा एक या दो बार नहीं बल्कि कई बार हो रहा है। यात्रियों को ट्रेनों के नए समय की जानकारी ही नहीं मिल पा रही है और हर दिन सैकड़ों यात्रियों की ट्रेन छूट रही है।
जबलपुर से रवाना होने वाली श्रीधाम, संपर्कक्रांति और दयोदय एक्सप्रेस का 11 अगस्त से नया समय लागू किया गया। श्रीधाम एक्सप्रेस काे निर्धारित समय से 15 मिनट पहले रवाना किया जा रहा है तो वहीं संपर्कक्रांति को 10 मिनट पहले और दयोदय एक्सप्रेस को 15 मिनट पहले रवाना हो रही हैं। रेलवे ने 11 अगस्त के बाद इन ट्रेनों में आरक्षण कराने वाले यात्रियों की टिकट में ट्रेन का नया समय दर्ज कर जानकारी दी, लेकिन 11 अगस्त के पूर्व जिन्होंने आरक्षण कराया, उनकी टिकट पर पुराना समय ही दर्ज है।
अधिकांश ऐसे यात्री हैं, जिन्हें 11 अगस्त से 11 नवंबर के बीच इन ट्रेनों में यात्रा करनी है। रेलवे के मुताबिक उन्होंने 11 से 31 अगस्त तक जाने वाली ट्रेनों के यात्री को एसएमएस के जरिए जानकारी दी, लेकिन एक से पांच सितंबर के बीच के ट्रेनों में यात्रा करने वालों काे न एसएमएस किया और न ही अन्य माध्यमों से जानकारी पहुंचाई।