शादी के नाम पर माता पिता ने ही बेच डाला अपनी नाबालिग बेटी को

By: PalPal India News
November 16, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनधि। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले से एक बहुत ही शर्मनाक कर देने वाला मामला सामने आया है। अपनी 17 वर्षीय बेटी को उसके ही माँ बाप ने शादी के नाम पर गुजरात के एक व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस ने अपनी ही नाबालिग बेटी को बेचने के आरोप में शुक्रवार को एक दम्पति समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम को गुजरात भी भेजा गया है।

1.80 लाख रुपये में किया था नाबालिग का सौदा

पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर की एक महिला ने शादी कराने के नाम पर 17 वर्षीय लड़की का गुजरात के एक व्यक्ति से 1.80 लाख रुपये में कथित रूप से सौदा कर दिया।

नाबालिग से दुष्कर्म

उन्होंने बताया, ‘लड़की ने हमें आपबीती सुनाई कि व्यक्ति ने उसे गुजरात के एक गोदाम में दो दिन रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की उसके चंगुल से भाग कर इंदौर लौटी।’ डीसीपी ने कहा कि लड़की द्वारा गुरुवार को शिकायत दर्ज कराई गई भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गुजरात भेजी गई पुलिस की एक टीम

डीसीपी मीणा ने कहा कि लड़की को कथित तौर पर बेचने वाली महिला और उसके पति के साथ ही उन चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो उसे गुजरात के व्यक्ति के पास ले गए थे। उन्होंने बताया कि व्यक्ति की तलाश के लिए पुलिस की टीम गुजरात भेजी गई है। डीसीपी ने ये भी बताया कि पुलिस ने कार भी जब्त की है, जिसमें लड़की को गुजरात ले जाया गया था। उन्होंने बताया, ‘संगठित अपराध और मानव तस्करी के पहलुओं पर विस्तृत छानबीन के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। हम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *