पलपल इंडिया प्रतिनिधि,गुना। गुना जिले के मृगवास इलाके में शिक्षा विभाग के एक अकाउंटेंट को बांधकर मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। पिटाई करने वाले कुछ बेरोजगार युवक हैं। बताया जा रहा है कि अकाउंटेंट ने तीन युवकों से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 50-50 हजार रुपए लिए थे। नौकरी नहीं लगी तो तीनों ने उससे अपने रुपए वापस मांगे। उसने तीनों को कुछ रकम लौटा दी, लेकिन बाकी की रकम देने में आनाकानी की तो युवकों ने उसे बंधक बना लिया। मामला 1 सितंबर का है, जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। जिसके बाद पुलिस भी जांच में जुट गई है।
दरअसल, हायर सेकेंडरी स्कूल मृगवास में अकाउंटेंट अजय शर्मा 1 सितंबर को ड्यूटी जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे वे स्कूल के पास बनी पुलिया पर किसी से बात करने गए। इसी दौरान सुनील अहिरवार और रवि अहिरवार नाम के दो युवक बाइक से उनके पास पहुंचे। कुछ बातचीत करने के बाद अजय को बाइक में बीच में बैठाकर अपने गांव बाकन्या ले गए। इसके बाद यहां उन्हें टपरिया में रस्सी से बांध दिया। करीब एक साल पहले मृगवास इलाके में कुछ स्कूलों में चौकीदारों की नियुक्ति होनी थी। तीन स्कूलों में पोस्टिंग के लिए कुछ लोगों ने अकाउंटेंट अजय शर्मा से बात की। अजय ने तीन लोगों को नौकरी लगाने का आश्वासन दिया और उनसे 50-50 हजार रुपए ले लिए। मुश्किल तब हो गई जब रुपए लेने के बाद नई नियुक्ति पर रोक लग गई।
इसके बाद पैसे देने वालों ने अपने पैसे वापस मांगना शुरू कर दिया। अकाउंटेंट ने डेढ़ लाख में से 67 हजार वापस भी कर दिए। बाकी 83 हजार देने थे। जब युवक उनसे रकम मांगते वह आनाकानी करते हुए टालने लगे। कभी कहते दे दूंगा, कभी कहते सैलरी आने पर दूंगा। इस बार जैसे ही 30 अगस्त को सैलरी खाते मेंआई, युवकों ने उन्हें बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि जो सुनील अहिरवार और रवि अहिरवार बाइक पर अकाउंटटेंट को लेकर गए थे। उनसे ही रुपए लिए गए हैं। अजय शर्मा जब शाम को घर नहीं पहुंचे तो परिजन ने उनकी तलाश शुरू की। स्कूल के आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बताया कि दो लोग उन्हें बकन्या गांव की तरफ लेकर गए हैं। अजय के रिश्तेदार समंदर अपने कुछ परिचितों के साथ बकन्या गांव पहुंचे। रुपए देने वालों से उन्होंने खुद रुपए वापस दिलाने का वादा किया। तब जाकर युवकों ने अजय को छोड़ा।
HIGHLIGHTS