श्रीराम महायंत्र रथ का पिसनहारी मढिया के पास हुआ भव्‍य स्‍वागत

By: PalPal India News
November 14, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनधि। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को पिसनहारी की मढ़िया के समीप आयोजित सभा में कांची में निर्मित 180 किलो गोल्ड प्लेट से बने श्रीराम महायंत्र की भक्तिभाव अगवानी की। श्री राम महायंत्र रथ के आगमन साथ ही सभी लोग रामभक्ति में झूम उठे और संपूर्ण सभास्थल दिव्य चेतना की अनुभूति से सराबोर हो गया। इस दौरान सभा स्थल पर उपस्थित रामभक्तों ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर रथ का स्वागत किया, जय श्रीराम के उद्घोष लगाए और रंगारंग आतिशबाजी भी की।

पिसनहारी मढिया के पास भव्य स्वागत होने के बाद श्रीराम महायंत्र रथ सूपाताल, छोटीलाइन, बंदरिया तिराहा होते हुए गौरीघाट पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह रामभक्तों द्वारा पुष्प गुच्छ अर्चन कर रथ का स्वागत किया गया। श्रीराम महायंत्र रथ के गौरीघाट पहुंचने के बाद सभी रामभक्तों द्वारा मां नर्मदा की वैदिक रीति रिवाजों से आरती की गई। इस दौरान की गई आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रही। मॉं नर्मदा की आरती के बाद पूज्‍य संतजनों व लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह द्वारा श्रीराम महायंत्र का पूजन किया साथ ही संस्‍कारधानी के निवासियों को श्रीराम महायंत्र के दर्शन का सौभाग्‍य प्राप्‍त हुआ। तिरूपति से रथ के साथ आये स्‍वामी रामचंद्रदास महाराज ने कहा कि श्रीराम महायंत्र में श्रीराम बीजाक्षर मंत्र को अभिमंत्रित कर अंकित है। उन्‍होंने इस अवसर पर श्रीराम बीजाक्षर मंत्र के महत्‍व की जानकारी भी दी।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अयोध्या में स्थापित होने वाले 180 किलो गोल्ड प्लेट से निर्मित श्रीराम महायंत्र का स्वागत करने के प्राप्त हुए इस अवसर पर सभी संस्कारधानी वासियों को सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा कि यह विशाल रथयात्रा तिरुपति से प्रस्थान कर सिवनी, जबलपुर और देश के विभिन्न शहरों का भ्रमण करते हुए अयोध्या पहुंचेगी। जहां श्रीराम महायंत्र का वैदिक विधि विधान से चालीस दिनों के यज्ञ और अनुष्ठान के बाद इसे भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में स्थापित किया जाएगा।

HIGHLIGHTS

  • श्रीराम महायंत्र रथ का पिसनहारी मढिया के पास हुआ भव्‍य स्‍वागत
  • गौरी घाट में साधु संतों ने भी किया पूजन अर्चन
  • श्री राम के उदघोष ओर रंगारंग आतिशबाजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *