पलपल इंडिया प्रतिनिधि,पुणे। पुणे से सटे देहू रोड इलाके में एक दिल दहलाने वाली वारदात हो गई जहां बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद को लेकर अंधाधुंध गोली चली। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दरअसल सड़क किनारे जन्मदिन समारोह मनाने को लेकर हुई लड़ाई में एक 37 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना गुरुवार देर रात को पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में देहू मार्ग की है। पुलिस के अनुसार, तीन से चार लोग दो बाइकों पर सवार होकर एक सड़क पर पहुंचे जहां शिकायतकर्ता नंदकिशोर यादव की भतीजी का जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया था। आरोपियों ने उन लोगों से जानना चाहा कि सार्वजनिक स्थल पर जन्मदिन समारोह क्यों मनाया जा रहा।
जानकारी के अनुसार ‘‘जब नंदकिशोर यादव ने उन्हें जाने के लिए कहा, तो आरोपियों में से एक ने उनके चेहरे पर कुर्सी से वार किया। इसके बाद यादव के दोस्त विक्रम गुरुस्वामी रेड्डी बीच-बचाव करने के लिए आगे आए। आरोपियों में से एक ने गोली चला दी, जिससे रेड्डी घायल हो गए।’’ घटना के बाद अफरातफरी मच गई। रेड्डी को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने आरोपियों की पहचान कर ली है और जांच जारी है।’’ पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि घटना आपसी रंजिश के कारण हुई या फिर यह सिर्फ मौके पर हुआ विवाद था।