सतना में नारायण तालाब फूटा,जान बचाने गेट पर लटके लोग, कार और बाइकें डूबी

By: PalPal India News
September 3, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। सतना शहर में हवाई पट्टी मार्ग पर उतैली स्थित नारायण तालाब की मेढ़ टूटने से मंगलवार की दोपहर शहर में तबाही मच गई। तालाब का पानी तेज बहाव के साथ आसपास के मोहल्लों में पहुंच कर लोगों के घरों के अंदर भर गया। घरों के अंदर लोगों की गृहस्थी का सामान तो तहस-नहस तो हुआ ही एक कार और कई बाइकें भी पानी में बह गईं। इस दौरान दो लड़के भी बहाव के बीच फंस गए जिन्हें बाद में लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाल लिया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर अनुराग वर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीणा मौके पर पहुंच गए ।

नगर निगम, होमगार्ड के अमले के साथ ही राजस्व की टीम और पुलिस बल को भी बुला लिया गया है। मशीनें लगा कर तालाब की टूटी मेढ़ की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि यह काम शुरू होने के पहले ही पानी ने तबाही मचा कर लोगों की गृहस्थी नष्ट कर दी है। लोगों के पास फिलहाल रहने की जगह नहीं बची है। स्थानीय लोगों की मानें तो यह सब कुछ नारायण तालाब के सौंदर्याकरण का काम कर रहे ठेकेदार नारंग और उसके लोगों का किया धरा है। इस 70 साल पुराने तालाब की मेढ़ पहले कभी नहीं टूटी थी लेकिन ठेकेदार के लोगों ने जानबूझ कर इसे काटा है। लोगों के अंदर जबरदस्त गुस्सा है। वे अपनी इस हालत के लिए नगर निगम प्रशासन को भी जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

HIGHLIGHTS

  • नारायण तालाब फूटा,मचा हाहाकार
  • सतना में नारायण तालाब फूटा
  • घरों में घुसा पानी
  • जान बचाने गेट पर लटके लोग, कार और बाइकें डूबी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *