सिहोरा के दिनारी खमरिया में प्रेमी युगल ने खाया जहर, युवती की मौत, शादी के लिए तैयार नहीं थे घरवाले

By: PalPal India News
September 11, 2024

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर से 50 किलोमीटर दूर दिनारी खमरिया गांव में प्रेमी जोड़े ने एक दूसरे का हाथ पकड़ा और फिर एक साथ जहर खा लिया। घटना मंगलवार रात की है। खेत मालिक जब रात को खेत पहुंचा तो उसने देखा कि एक लड़का-लड़की अचेत पड़े हुए हैं तो उन्होंने तुरंत गांव में सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोग दोनों को सिहोरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां रात में इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया, वहीं युवक की हालत गंभीर होने के कारण इलाज के लिए उसे देर रात मेडिकल कालेज रेफर किया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। युवक दिनारी खमरिया गांव का है, जबकि युवती कटनी जिले के बहोरीबंद की है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम दिनारी खमरिया निवासी करण पटेल बहोरीबंद निवासी संगीता पटेल से प्रेम करता था, दोनों शादी करना चाहता था लेकिन उनके परिवार वाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। मंगलवार की रात करीब 8 बजे संगीता सिहोरा पहुंची और फोन कर करण पटेल को गांव के बाहर बुलाया, इसके बाद दोनों एक खेत पहुंचे जहां दोनों ने एक साथ खेत में ही सल्फास खा लिया और फिर वही बैठ गए। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने करण के परिजनों को दी है।

मौके पर पहुंचे परिजन दोनों को तत्काल इलाज के लिए सिहोरा अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान संगीता ने दम तोड़ दिया वही करण की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक युवती के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। वहीं युवक की हालत जब स्थिर होगी तो उससे इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ भी की जाएगी।

HIGHLIGHTS

  • सिहोरा के दिनारी खमरिया में प्रेमी युगल ने खाया जहर, युवती की मौत
  • युवक को इलाज के लिए मेडिकल किया गया रेफर
  • शादी के लिए तैयार नहीं थे घरवाले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *