पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर में मंगलवार देर रात स्कॉर्पियो ने स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी सवार दंपती में से पिता की गोद में बैठा ढाई साल का मासूम हवा में करीब 15 फीट ऊंचा उछला और जमीन पर आ गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दंपती घायल हैं। हादसा कोतवाली थाना इलाके के उखरी चौक पर देर रात करीब पौने 2 बजे का है। स्कॉर्पियो सवार गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला। दंपती की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, तमरहाई निवासी सौरभ अग्रवाल, पत्नी सुरभि और ढाई साल के बेटे प्रणीत के साथ रिश्तेदारों से मिलने गए थे। लौटते में स्कूटी पत्नी चला रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। घायल माता-पिता बच्चे को लेकर विजय नगर स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सौरभ ने कहा, ‘हम दीनदयाल चौक से यादव कॉलोनी की ओर आ रहे थे। ई-स्कूटी सुरभि चला रही थी। बेटा प्रणीत दोनों के बीच में मेरी गोद में था। स्कॉर्पियो ने टक्कर मारी तो प्रणीत मेरे हाथों से छूटकर 15 फीट तक हवा में उछला। फिर 10 फीट दूर सड़क किनारे जा गिरा। टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो ड्राइवर स्कूटी के ऊपर से गाड़ी चढ़ाते हुए भाग निकला। हम प्रणीत को अंधेरे में तलाशते रहे। थोड़ी देर बाद वह सड़क किनारे पड़ा दिखाई दिया। उसे लेकर फौरन निजी अस्पताल पहुंचे।’ सौरभ ने बताया कि वह प्राइवेट जॉब करता है। पत्नी सुरभि 20-30 की रफ्तार से स्कूटी चला रही थी।
HIGHLIGHTS