अमृतसर। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 112 भारतीयों को रविवार रात अमृतसर लाया गया। अमेरिकी सरकार की अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई के तहत पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब भारतीय नागरिकों को वापस भेजा गया। रात करीब 10 बजे अमेरिकी वायुसेना का C-17 ग्लोबमास्टर विमान श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमृतसर पर उतरा।
सूत्रों के मुताबिक, deport किए गए 112 लोगों में 44 हरियाणा, 33 गुजरात, 31 पंजाब, 2 उत्तर प्रदेश, 1 उत्तराखंड और 1 हिमाचल प्रदेश के निवासी हैं। एयरपोर्ट पर आव्रजन (इमिग्रेशन) और सुरक्षा जांच के बाद सभी को घर जाने की अनुमति दे दी गई। सरकार ने उनके लिए यात्रा सुविधाओं की भी व्यवस्था की।
इससे पहले, शनिवार देर रात भी एक अमेरिकी सैन्य विमान 116 भारतीयों को लेकर अमृतसर पहुंचा था। इन यात्रियों में 65 पंजाब, 33 हरियाणा, 8 गुजरात, 2 उत्तर प्रदेश, 2 गोवा, 2 महाराष्ट्र, 2 राजस्थान और 1-1 हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर से थे। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि पूरी यात्रा के दौरान उनके हाथ और पैर बेड़ियों से जकड़े गए थे और अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरने से ठीक पहले ही हथकड़ियां खोली गईं।
इससे पहले 5 फरवरी को अमेरिका से पहला विमान 104 भारतीयों (जिसमें 13 बच्चे भी शामिल थे) को लेकर अमृतसर पहुंचा था। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अमृतसर को डिपोर्टेशन हब मत बनाइए। यह एक पवित्र शहर है, न कि जबरन देश निकाले गए भारतीयों का केंद्र।”