21 की उम्र में 12 शादियां, यूपी में ‘लुटेरी दुल्हन’ समेत गैंग के 9 सदस्य गिरफ्तार

By: PalPal India News
May 5, 2025

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक ऐसी शातिर ‘लुटेरी दुल्हन’ को गिरफ्तार किया है, जिसने महज 21 साल की उम्र में 12 फर्जी शादियां कर नकदी, जेवर और मोबाइल ठगने का सिलसिला चला रखा था। आरोपी महिला का असली नाम गुलशना रियाज खान है, लेकिन ठगी के दौरान वह कभी नेहा (बिहार), कभी सीमा (हरियाणा), कभी स्वीटी (यूपी) और कभी काजल (गुजरात) बनकर अलग-अलग राज्यों में शिकार फंसाती थी।

गुलशना इस पूरे ठग गिरोह की मास्टरमाइंड थी और सोशल मीडिया व मैट्रिमोनियल साइट्स के ज़रिए टारगेट चुने जाते थे। शादी तय होने पर ‘सेटलमेंट अमाउंट’ वसूला जाता और फिर धूमधाम से विवाह होता। लेकिन असली धोखा शादी के कुछ ही घंटों बाद सामने आता, जब दुल्हन अचानक ‘लापता’ हो जाती। अक्सर परिवार को बताया जाता कि उसे अगवा कर लिया गया है, जबकि हकीकत में वह अपने गैंग के साथ जेवर, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो जाती थी।

हरियाणा के रोहतक निवासी सोनू नामक युवक ने जब इस गिरोह के चंगुल में फंसकर 80 हजार रुपये गंवाए, तब पुलिस को इसकी भनक लगी। उसने 112 नंबर पर कॉल कर शिकायत दी, जिसके बाद यूपी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंबेडकर नगर के बसखारी थाना क्षेत्र में कसराडा गांव के पास से गुलशना और उसके 9 साथियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गुलशना के साथ मोहनलाल, रतन कुमार सरोज, रंजन उर्फ आशु गौतम, मंजू माली, राहुल राज, सन्नो उर्फ सुनीता, पूनम और रुखसार शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में गुलशना ने 12 फर्जी शादियों की बात कबूल की है। हैरान करने वाली बात यह है कि गुलशना की असली शादी जौनपुर निवासी रियाज खान नामक दर्जी से हुई थी, जो हर ठगी में उसका सहयोगी भी था और उसे हर सौदे से 5% हिस्सा मिलता था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 72,000 रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक बाइक, एक मंगलसूत्र और तीन फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *