पलपल इंडिया प्रतिनिधि: पूर्णिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपतरा बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एनएच-131ए पर रानीपतरा सर्विस रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे सरिया लदा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कोचिंग जा रहे 12 वर्षीय छात्र को कुचल दिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रवि शंकर दास (पिता – रविन्द्र दास, उम्र – 12 वर्ष), ग्राम चांदीकठुआ, थाना मुफस्सिल, जिला पूर्णिया निवासी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रवि रोज की तरह कोचिंग के लिए रानीपतरा बाजार जा रहा था। ओवरब्रिज पार करते समय सामने से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रवि की मौके पर ही जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सर्विस रोड को दोनों ओर से जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने रानीपतरा बाजार में अवैध अतिक्रमण और ठेला-रेहड़ी को भी तोड़फोड़ कर हटा दिया।
करीब तीन घंटे तक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने और जाम हटाने के लिए पूर्णिया पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।