पलपल इंडिया प्रतिनिधि। शिवपुरी जिले के ग्राम छिरारी में तेरहवीं के आयोजन में खाना खाने के बाद एक साथ ढाई सौ लोग बीमार हो गए। स्वास्थ्य टीमों ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों का उपचार किया और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहां है की खीर खराब होने के कारण लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। स्वास्थ्य टीम अगले तीन दिनों तक गांव में डेरा डालकर मॉनीटरिंग करेगी।
आपको बता दे करैरा विकासखंड के ग्राम छिरारी में गुर्जर परिवार में आयोजित तेरहवीं के आयोजन में खाना खाने से ढाई सौ लोग बीमार हो गए। सूचना मिलने के बाद जिला एवं विकासखंड स्तर से स्वास्थ्य टीमों ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों का उपचार किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।
यहाँ ग्राम छिरारी में 18 जून को ग्रामीण जसरथ गुर्जर के पिता स्व. कमल गुर्जर की तेरहवीं का आयोजन था। दावत में खीर, मालपुआ और पूड़ी सब्जी बनी थी। आशंका है कि दोपहर में तापमान अधिक होने के कारण खीर खराब हो गई। जिन ग्रामीणों ने वह खीर खा ली, उन्हें कुछ समय बाद उल्टी दस्त की शिकायत हुई। ग्रामीणों के अनुसार बाद में खीर को फिंकवा दिया गया था।
रात होते-होते बीमार लोगों की संख्या बढ़ी तो जानकारी प्रशासन तक पहुंची। सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर ने जिला मुख्यालय से डॉ. एसके पिप्पल के नेतृत्व में स्वास्थ्य दल भेजा। विकासखंड स्तर से डॉ. रोहित भदकारिया एवं डॉ. नारायण सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य दल को रवाना किया। घर-घर जाकर बीमार लोंगो का उपचार किया जा रहा है। अभी तक दो सौ लोगों का उपचार कर दिया गया है।