नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा स्थिति गंभीर होती जा रही है। रक्षा सूत्रों के अनुसार, देश की उत्तर से दक्षिण तक फैली सीमा पर 26 अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध ड्रोन गतिविधियां दर्ज की गई हैं। ये गतिविधियां जम्मू-कश्मीर के बारामूला से लेकर गुजरात के भुज तक देखी गई हैं, जिनमें कुछ ड्रोन के हथियारों से लैस होने की आशंका जताई जा रही है।
ड्रोन जिन स्थानों पर देखे गए हैं, उनमें बारामूला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नागरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कच्छ का कुवरबेट और लखी नाला शामिल हैं। इन सभी इलाकों में या तो अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) या नियंत्रण रेखा (LoC) के समीप ड्रोन गतिविधियों की पुष्टि हुई है।
रक्षा अधिकारियों का कहना है कि फिरोजपुर में एक हथियारबंद ड्रोन ने रिहायशी क्षेत्र को सीधे निशाना बनाया, जिसमें एक परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर तलाशी और सैनिटाइजेशन अभियान पूरा किया है।
इन बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पूरे सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और हवाई निगरानी व इंटरसेप्शन की व्यवस्था और मजबूत की जा रही है।