उफनते नाले में 3 लड़कों ने उतार दी बाइक, एक ने कूदकर तो 2 ने पेड़ की डाल पकड़ बचाई अपनी जान

By: PalPal India News
July 14, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में तीन युवकों की लापरवाही उनकी जान पर बन आई थी, लेकिन एक पेड़ की मदद से उनकी जान बच गई। यहां तीन युवकों ने अपनी बाइक उफनते नाले में उतार दी थी और पानी के तेज बहाव में गाड़ी बह गई। बाइक के साथ दो युवक भी नाले में बहे, लेकिन एक पेड़ की डाल पकड़कर उन्होंने अपनी जान बचा ली। पूरी घटना पुल के किनारे खड़े एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर ली। अब घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

शिवपुरी में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। जगह-जगह जलजमाव है। कई नदी नाले पुल के ऊपर बह रहे हैं। ऐसे ही एक नाले में एक बाइक बह गई। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पिछोर-कछौआ मार्ग पर बही बाइक

घटना पिछोर-कछौआ मार्ग पर हुई। यहां एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक उफनते नाले को पार करने की कोशिश करने लगे। बीच धार में पहुंचते ही बाइक पानी में बहने लगी। पीछे बैठे युवक ने तुरंत बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, लेकिन दो युवक तेज धार में बह गए। किसी तरह पेड़ की डाल से लटककर युवकों ने खुद को बचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

भारी पड़ सकती थी लापरवाही

प्रशासन की चेतावनी के बावजूद तीन युवकों ने एक बाइक पर सवार होकर उफनते नाले को पार करने की कोशिश की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। मनका गांव के सुरदीप यादव, राजदीप यादव और एक अन्य युवक पिछोर की ओर जा रहे थे। रास्ते में पड़ने वाले रपटे पर तेज बहाव था। नाले को पार करने की कोशिश के दौरान बीच धार में पहुंचते ही बाइक पानी में बहने लगी। पीछे बैठे युवक ने तुरंत बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। सुरदीप और राजदीप बाइक समेत बह गए। दोनों युवकों ने नाले किनारे लगे पेड़ों की डालियां पकड़कर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने बाद में दोनों को बाहर निकाला। वहीं, बाइक नाले के पानी में बह गई। उफान मारते नाले में बाइक मिलना भी मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *