देवास में रसोई गैस लीक होने से भड़की आग में 3 लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर

By: PalPal India News
April 26, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिशहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अमृत नगर स्थित एक मकान में खाना बनाते समय रसोई गैस लीक होने के बाद शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे आग लग गई। आग की चपेट में एक बच्चे सहित पांच लोग आ गए, इनमें से तीन लोग झुलस गए। दो अन्य धुएं व घबराहट के कारण बीमार हो गए, जिसमें से एक बालक शामिल है। वह बेहोश हो गया था। कुल पांच लोगों में से तीन को जिला अस्पताल लाया गया जबकि बच्चे व एक अन्य को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को गंभीर हालत में इंदौर रेफर कर दिया गया।

कोतवाली थाना टीआई श्यामचंद्र शर्मा ने बताया जायसवाल परिवार के मकान में आग लगी थी। आग की चपेट में आने से कन्हैयालाल जायसवाल व सुरेशचंद्र जायसवाल झुलस गए, एक अन्य व्यक्ति भी मामूली रूप से झुलसा है। 13 वर्षीय बालक कान्हा जायसवाल, युवक पंकज और महिला शकुंतला की तबीयत बिगड़ी है।

जिला अस्पताल में कन्हैयालाल, सुरेश व शकुंतला को लाया गया। तीनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर हालत में सुरेश और कन्हैयालाल को रात करीब 11 बजे इंदौर रेफर कर दिया गया। घबराहट व अन्य दिक्कत के कारण शकुंतला का उपचार किया जा रहा है।
आग की सूचना मिलने के बाद नगर निगम का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सीएसपी दीशेष अग्रवाल घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *