पलपल इंडिया प्रतिनिधि। ‘जगरनॉट’ के नाम से मशहूर रैपर अभिनव सिंह नहीं रहे। रैपर बेंगलुरू स्थित अपने किराए के अपार्टमेंड में रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत पाए गए, जिसके बाद पूरी इंडस्ट्री हैरान है।
आपको बता दे फेमस उड़िया रैपर और इंजीनियर अभिनव सिंह, जिन्हें ‘जगरनॉट’ के नाम से जाना जाता है, अब इस दुनिया में नहीं रहे। जगरनॉट ने 32 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अभिनव सिंह अपने बेंगलुरु के कडुबीसनहल्ली स्थित किराए के अपार्टमेंट में मृत पाए गए। पुलिस ने मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन में रैपर की मौत का मामला दर्ज किया है और प्रारंभिक रिपोर्टों में उनकी मृत्यु की वजह आत्महत्या बताई जा रही है। लेकिन, रैपर की मां और परिवार के दावों ने हर तरफ हलचल पैदा कर दी है। अभिनव की मां ने उनकी पत्नी और अन्य लोगों पर रैपर के मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
अभिनव सिंह ने कई फेमस कलाकारों के साथ काम किया, जिनमें मसी टोर (तन्मय साहू) का नाम भी शामिल है। “कटक एंथम” के लिए प्रसिद्ध अभिनव सिंह कुछ कानूनी परेशानियों का भी सामना कर रहे थे, जिनमें मारपीट के आरोप भी शामिल थे। पुलिस उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
अभिनव सिंह के परिवार के सदस्यों ने संदेह जाहिर किया है कि सिंह की आत्महत्या के पीछे उनकी पत्नी के साथ चल रहे उनके विवाद हो सकते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, जगरनॉट अपने ऊपर लगे आरोपों से परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने जहर खाकर अपनी जान दे दी। पोस्टमार्टम के बाद उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए ओडिशा भेज दिया गया है।